मुंगेली पुलिस की बड़ी सफलता: बारात में चाकूबाजी कर हत्या करने वाला फरार आरोपी पेंड्रा रोड से गिरफ्तार
सरगांव: मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना सरगांव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बारात में चाकूबाजी और मारपीट कर हत्या करने वाले एक और फरार आरोपी को पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। मामले के मुख्य आरोपी सुधीर वर्मा को पहले ही न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।
घटना का विवरण
आरोपी रवि वर्मा (20 वर्ष), निवासी ग्राम लखराम (थाना रतनपुर), ने अपने साथी सुधीर केवट के साथ मिलकर 8-9 मई 2026 की रात बारात से लौटते समय बारातियों (लक्ष्मी प्रधान, सूरज कश्यप व अन्य) के साथ अश्लील गाली-गलौज की थी। इसके बाद दोनों ने चाकू और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया, जिसमें लक्ष्मी प्रधान की मृत्यु हो गई थी और अन्य लोग घायल हो गए थे। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस की कार्यवाही
थाना सरगांव में अपराध क्रमांक 89/2026, धारा 296, 103(1), 109, 3(5) बी.एन.एस. एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक द्वारा फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई।
ट्रेन में हुई घेराबंदी
पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि आरोपी रवि वर्मा नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन से उज्जैन से वापस आ रहा है। पुलिस टीम ने पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर ट्रेन रुकते ही आरोपी को दबोच लिया। मनोवैज्ञानिक पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि गिरफ्तारी के डर से वह उज्जैन में छिपकर रह रहा था और पैसे खत्म होने के कारण वापस लौट रहा था, जिसकी आगे की योजना जगन्नाथ पुरी भागने की थी।
आरोपी को गिरफ्तार कर आज दिनांक 22.05.2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सराहनीय भूमिका
इस संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी संतोष कुमार शर्मा, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सत्येंद्रपूरी गोस्वामी, साइबर टीम के प्रधान आरक्षक यशवंत डाहिरे, आरक्षक राहुल यादव, राम कश्यप, हकीम अली एवं थाना सरगांव के स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
