October 19, 2026

तखतपुर में शासकीय भूमि से अवैध मिट्टी खनन, सरपंच ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

0
IMG-20260308-WA0189.jpg

बिलासपुर/तखतपुर। जनपद पंचायत तखतपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत अरईबंद में अवैध उत्खनन का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम पंचायत अरईबंद के सरपंच प्रेम भास्कर ने थाना तखतपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि ग्राम में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए प्रस्तावित शासकीय भूमि के पास कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई और परिवहन किया जा रहा था, जिससे पंचायत के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
सरपंच प्रेम भास्कर ने अपने आवेदन में बताया कि ग्राम पंचायत अरईबंद में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए ग्राम सभा की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके तहत भाग्यलक्ष्मी पावर प्लांट के पास स्थित खसरा नंबर 760, रकबा 61 एकड़ में से भूमि का चयन किया गया था। इसी क्षेत्र में जेसीबी मशीन के माध्यम से मिट्टी की खुदाई कर ट्रकों में भरकर ले जाया जा रहा था।
आवेदन के अनुसार मौके पर हाईवा ट्रक क्रमांक CG07 BJ 9960 और CG10 AR 5307 में मिट्टी भरकर परिवहन किया जा रहा था। इस कार्य को सिराज जिंदान निवासी तखतपुर तथा सतीश साहू निवासी ग्राम नगोई द्वारा कराया जा रहा था। सरपंच ने बताया कि जब उन्होंने मौके पर पहुंचकर अवैध उत्खनन का विरोध किया और काम रोकने को कहा, तब आरोपियों ने खुद को विधायक प्रतिनिधि बताते हुए धमकी दी और कहा कि जो करना है कर लो।
सरपंच के अनुसार आरोपियों के इस रवैये के बाद उन्होंने तत्काल डायल 112 और थाना प्रभारी तखतपुर को फोन कर घटना की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने मौके का वीडियो रिकॉर्डिंग भी किया है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त अवैध रूप से निकाली गई मिट्टी को मेन रोड जारोधा प्रज्ञा एग्रो इंडस्ट्रीज के मालिक अग्रवाल की भूमि में डंप किया जा रहा था।
सरपंच प्रेम भास्कर ने अपने आवेदन में कहा है कि जिस जमीन पर अवैध उत्खनन किया जा रहा था, वह शासकीय भूमि है और उसी स्थान पर ग्राम पंचायत द्वारा सामुदायिक भवन का निर्माण प्रस्तावित है। ऐसे में वहां से मिट्टी हटाने से पंचायत के विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस को सूचना देने के बाद आरोपी जेसीबी और हाईवा को थाना ले जाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए।
इस मामले में सरपंच ने प्रशासन और पुलिस से उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के अवैध उत्खनन पर रोक लगाई जा सके और पंचायत की शासकीय भूमि सुरक्षित रह सके।
उक्त शिकायत की प्रतिलिपि खनिज विभाग बिलासपुर, जिलाध्यक्ष बिलासपुर तथा उप संचालक खनिज विभाग रायपुर को भी भेजी गई है, ताकि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
ग्राम पंचायत क्षेत्र में अवैध उत्खनन की इस घटना के सामने आने के बाद ग्रामीणों में भी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस तरह की गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई तो पंचायत की शासकीय भूमि और विकास कार्यों को नुकसान हो सकता है। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed