परदेस में फंसे पूर्व नपा अध्यक्ष हेमेंद्र गोस्वामी: युद्ध के साये में बदली यूरोप यात्रा, अब सुरक्षित भारत लौटने की तैयारी
यूरोप यात्रा पर गए गोस्वामी परिवार को स्वदेश वापसी की चिंता
मुंगेली। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, कांग्रेसी नेता एवं कबीर पंथ से जुड़े गुरु परिवार के सदस्य हेमेंद्र गोस्वामी इन दिनों परिवार सहित यूरोप यात्रा पर हैं। बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव, हमलों की खबरों और उड़ानों के रद्द होने की सूचनाओं के बीच उन्होंने आगे की यात्रा स्थगित कर जल्द भारत लौटने की इच्छा जताई है।
हेमेंद्र गोस्वामी ने बताया कि वे गुरुवार को मुंगेली से रायपुर पहुंचे, जहां से हवाई मार्ग से मुंबई रवाना हुए। शुक्रवार को मुंबई से दुबई के लिए उड़ान भरी और उसी रात दुबई से स्विट्जरलैंड के लिए प्रस्थान किया। शनिवार को दुबई में हमले की खबर सामने आने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में वे स्विट्जरलैंड में हैं। हालांकि वहां प्रत्यक्ष युद्ध जैसी स्थिति नहीं है और सामान्य जनजीवन शांतिपूर्ण है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव और कई मार्गों पर उड़ानों में बदलाव व रद्द होने की सूचनाओं के कारण उन्होंने आगे की यात्रा रद्द करने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि परिवार की सुरक्षा सर्वोपरि है और स्थिति सामान्य होने तक विदेश प्रवास जारी रखना उचित नहीं है।
हेमेंद्र गोस्वामी ने यह भी बताया कि दुबई में इस समय छत्तीसगढ़ के बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं, जिससे हमले की खबरों ने प्रवासी समुदाय में चिंता बढ़ा दी है। दुबई अंतरराष्ट्रीय व्यापार और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है, बावजूद इसके क्षेत्रीय तनाव का असर हवाई यातायात पर पड़ सकता है। मौजूदा हालात को देखते हुए गोस्वामी परिवार जल्द से जल्द भारत लौटने के सुरक्षित विकल्प तलाश रहा है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
