अवैध महुआ शराब पर कोनी पुलिस का प्रहार
31 लीटर कच्ची महुआ शराब व निर्माण सामग्री जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 31 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत लगभग 6,200 रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 14 जनवरी 2026 को थाना कोनी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम घुटकू स्टेशन पारा में एक व्यक्ति अपने घर के पास अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का निर्माण कर उसकी बिक्री कर रहा है।
सूचना के आधार पर थाना कोनी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी ईश्वर फेकर ढीमर पिता भगेला फेकर, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम घुटकू, थाना कोनी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 15-15 लीटर के पीले रंग के प्लास्टिक डिब्बों में भरी 30 लीटर तथा कांच की शीशी में 1 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित महुआ शराब बरामद की गई। इसके अलावा शराब निर्माण में प्रयुक्त दो एल्यूमिनियम टीन, मिट्टी का बर्तन एवं काला पाइप भी जब्त किया गया।
आरोपी द्वारा शराब निर्माण एवं भंडारण के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। पुलिस ने कुल 31 लीटर महुआ शराब एवं निर्माण सामग्री को विधिवत जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष रिमांड पर प्रस्तुत किया जाएगा।
कोनी पुलिस की जनअपील:
सभी नागरिकों से अपील की गई है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या डायल 112 पर दें।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
