कुमारी सैलजा ने हिसार के बाढ़ग्रस्त गांवों का दौरा किया, किसानों को ₹50,000 मुआवजा देने की मांग
हिसार । कांग्रेस की महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने हिसार-ड्रेन से लगे बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर किसानों की समस्याओं को नजदीक से देखा। खेतों में भरे पानी और तबाही का मंजर देखकर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की और प्रदेश के मुख्यमंत्री नायक सिंह सैनी को पत्र लिखकर स्थायी समाधान की मांग की।
उन्होंने कहा कि किसानों की बर्बादी का सीधा असर उनकी आजीविका पर पड़ा है, इसलिए सरकार को प्रत्येक प्रभावित किसान को कम से कम प्रति एकड़ 50,000 रुपये मुआवजा देने का तत्काल निर्णय लेना चाहिए।
फसलें और मकान हुए तबाह
कुमारी सैलजा ने बताया कि हिसार, फतेहाबाद और सिरसा जिलों में भारी बारिश और हिसार घग्गर ड्रेन टूटने से हजारों एकड़ में खड़ी फसलें (धान, कपास, बाजरा) पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। कई गांवों में तो लोगों को अपने घर खाली करने पड़े। सब्जियों की फसलें भी जलमग्न हो गईं। गंगवा जैसे गांवों में सैकड़ों किसानों को हानि उठानी पड़ी।
उन्होंने कहा कि भारी बारिश से ड्रेन क्षमता से अधिक भर गए, सफाई नहीं होने और कचरा जमा होने के कारण पानी का बहाव रुक गया जिससे किनारे कमजोर होकर टूट गए और गांवों में पानी भर गया।
किसानों की मांग उचित
सैलजा ने कहा कि किसान संगठनों द्वारा रखी गई प्रति एकड़ 50,000 रुपये मुआवजा की मांग पूरी तरह उचित है। हर साल निकासी व्यवस्था की खामियों के चलते किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। इस बार खेतों की खड़ी फसलें पूरी तरह जलमग्न हो गईं। इससे न केवल फसलें चौपट हुईं बल्कि मिट्टी की उर्वरक क्षमता भी प्रभावित हुई है।
सांसद सैलजा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि—
- ड्रेन की सफाई और मरम्मत का स्थायी प्रबंध किया जाए।
- बरसात से पूर्व नालों-ड्रेन की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
- प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा मिले।
उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और जीवन-यापन का सवाल इस समस्या से जुड़ा हुआ है, इसलिए सरकार को तुरंत ठोस कदम उठाने होंगे।
राजनीतिक मुद्दा भी उठाया
कुमारी सैलजा ने इस मौके पर राजनीतिक आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी ने सबूतों के साथ उजागर किया है कि किस तरह सुनियोजित साजिश के तहत कांग्रेस के वोट काटे गए और जोड़-तोड़ किया गया। जनता जवाब मांग रही है, लेकिन चुनाव आयोग के पास कोई जवाब नहीं है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राहुल गांधी और भी खुलासे करेंगे। आज लोकतंत्र खतरे में है और इसकी रक्षा के लिए सभी को मिलकर खड़ा होना होगा।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
