अटल आवास योजना के नाम पर 3.40 लाख की ठगी, महिला गिरफ्तार
बिलासपुर। नगर निगम में अटल आवास दिलाने का झांसा देकर 3 लाख 40 हजार रुपए ठगने वाली महिला को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपिया ने न केवल रकम वसूली बल्कि फर्जी रसीद और मकान की चाबी भी पीड़िताओं को थमा दी थी।
जानकारी के अनुसार, कल्याण बाग राजकिशोर नगर निवासी सपना सराफ (52 वर्ष) ने प्रधानमंत्री अटल आवास योजना में मकान दिलाने का भरोसा दिलाकर उमा साहू और संतोषी विश्वकर्मा से अलग-अलग 1.70 लाख रुपए (कुल 3.40 लाख) वसूल लिए। इसके बाद फर्जी रसीद बुक छपवाकर रसीद काटी और मकान की चाबी भी दी।
जब दोनों पीड़िताएं आवंटित मकान में रहने के लिए पहुंचीं तो गार्ड ने साफ कह दिया कि उनके नाम पर कोई मकान आवंटित नहीं हुआ है। ठगी का अहसास होने पर दोनों महिलाओं ने कलेक्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद नगर निगम ने प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने निर्देशित किया।
प्रार्थी सौरभ तिवारी, जो प्रधानमंत्री आवास योजना में लिपिक हैं, ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 1239/2025 धारा 420, 467, 468, 471 भादवि के तहत मामला दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल, सीएसपी सरकंडा सिद्धार्थ बघेल और थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपिया सपना सराफ को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया और फर्जी रसीद बुक भी पेश की।
पुलिस ने दस्तावेज जब्त कर आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
