लगातार बारिश से मुंगेली-बिलासपुर रोड नहर ओवरफ्लो, घरों में घुसा पानी
मुंगेली // बीते दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मुंगेली-बिलासपुर रोड स्थित नहर ओवरफ्लो हो गई। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि आसपास के घरों में पानी भरने लगा और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष अभिलाष सिंह एवं पार्षद प्रतिनिधि श्रवण सोनकर सुबह से ही सक्रिय रहे। उन्होंने तत्काल एसडीएम से चर्चा कर हालात की जानकारी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने राजस्व विभाग के माध्यम से पटवारी रामकांत टंडन एवं संबंधित विभाग के एक कर्मचारी को मौके पर भेजा।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और राहत व्यवस्था बनाने में मदद शुरू की। स्थानीय लोगों ने बताया कि समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी समस्या टल गई, लेकिन अब भी लगातार बारिश के कारण हालात चिंताजनक बने हुए हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि हर साल बारिश के मौसम में उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।



The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
