निविदा घोटाले में कार्रवाई: मुंगेली नगर पालिका के पूर्व सीएमओ अनुभव सिंह निलंबित
बिलासपुर। लंबे समय से विभिन्न कारणों से चर्चित मुंगेली नगर पालिका परिषद में एक बार फिर कार्रवाई हुई है। यहां पूर्व मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) रहे अनुभव सिंह को निविदा प्रक्रिया में अनियमितता के आरोपों में निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल श्री सिंह नगर पालिक निगम बिलासपुर में जोन आयुक्त के पद पर पदस्थ हैं।
मामला क्या है
नगर पालिका परिषद मुंगेली में पदस्थापना के दौरान अनुभव सिंह के कार्यकाल में मानव बल आपूर्ति के लिए सिस्टम टेंडर क्रमांक 138793 जारी किया गया था। इस टेंडर की कार्यवाही में अनियमितता पाई गई। विभाग के अनुसार, नगर पालिका परिषद द्वारा जारी प्रथम ई-प्रोक्यूरमेंट निविदा में अनिवार्य नियमों का पालन नहीं किया गया। नियम के मुताबिक, कम से कम तीन पात्र निविदाएं होनी चाहिएं, लेकिन यहां केवल दो पात्र निविदाओं को मान्य कर लिया गया और द्वितीय निविदा आमंत्रित कर दी गई।
कारण बताओ नोटिस और प्रतिवाद
इस अनियमितता को लेकर विभाग ने 09 अप्रैल 2024 को अनुभव सिंह को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया था। उन्होंने इसका लिखित प्रतिवाद प्रस्तुत किया, लेकिन विभागीय परिशीलन में यह प्रतिवाद असंतोषजनक पाया गया।
राज्य शासन का आदेश
प्रतिवाद को अस्वीकार करते हुए राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ राज्य नगर पालिका (कार्यपालन/यांत्रिकी/स्वास्थ्य) सेवा भर्ती तथा सेवा शर्त नियम 2017 के नियम 33 के अंतर्गत अनुभव सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबन अवधि में मुख्यालय और भत्ता
निलंबन अवधि के दौरान अनुभव सिंह का मुख्यालय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, केंद्रीय कार्यालय बिलासपुर निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।


The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
