October 19, 2026

तपकरा की उतियाल नदी से उठी सनसनी — जशपुर पुलिस ने तिहरे हत्याकांड का किया सनसनीखेज खुलासा, रांची से आरोपी दबोचा

0
IMG-20250625-WA0634.jpg


📍चरित्र शंका और प्रेम-संबंध बने तीन जिंदगियों के अंत का कारण
📍बेल्ट से गला घोंटकर मासूमों और महिला की हत्या, रेत में दबा दिए शव
📍जहर खाकर भागने की कोशिश कर रहा था आरोपी, पुलिस की सतर्कता से मौत टली

जशपुर | प्रेम और शक की त्रासदी में बदल चुके तिहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए जशपुर पुलिस ने आरोपी प्रमोद गिद्धी (36 वर्ष), निवासी साजबहार, थाना तपकरा को रांची से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने पुराने प्रेम संबंध और चरित्र शंका के चलते महिला और उसके दो मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी थी। शवों को नदी किनारे रेत में दबा दिया गया था।

हत्या की जानकारी पुलिस को तब मिली जब मुखबिर ने बताया कि एक व्यक्ति नशे में यह कबूल कर रहा है कि उसने तीन लोगों को मारकर शव दफनाए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस को दो घंटे की मशक्कत के बाद रेत से छह वर्षीय बालक, चौदह वर्षीय किशोरी और जंगल में पड़ी एक महिला की लाश बरामद हुई। तीनों की पहचान सुभद्रा ठाकुर और उनके दो बच्चों के रूप में की गई।

जांच में सामने आया कि गांव का ही प्रमोद गिद्धी, जो पहले सुभद्रा से प्रेम संबंध में था, ने चरित्र पर संदेह के चलते पहले महिला की बेल्ट से गला घोंटकर हत्या की और फिर दोनों बच्चों को भी मार डाला। घटना के बाद आत्मग्लानि में डूबे आरोपी ने जहर खा लिया और रांची भाग गया था। टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने उसे रांची से पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान जब उसने जहर खाने की बात बताई, तो पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराकर उसकी जान बचाई। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।

पूरे ऑपरेशन में उप पुलिस अधीक्षक भावेश समरथ, निरीक्षक संदीप कौशिक, उप निरीक्षक नसरुद्दीन अंसारी, सहायक उप निरीक्षक हरिशंकर राम, नसरुद्दीन खान, हेड कांस्टेबल मिराज किस्पोट्टा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया —
“तिहरे हत्याकांड के आरोपी को पकड़ना बड़ी चुनौती थी। पांच टीमों को अलग-अलग संभावित स्थानों पर भेजा गया था। प्रत्याशा में भेजी गई टीम ने उसे रांची से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार करने वाली टीम को नगद इनाम से सम्मानित किया गया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed