November 26, 2026

सर्पदंश से पीड़ित 11 वर्षीय बालक को जिला चिकित्सालय में मिला नया जीवन

0
IMG-20261125-WA0025

मुंगेली  कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में जिला अस्पताल में स्वस्थ्य सेवाएं बेहतर बनाने लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में सर्पदंश पीड़ित 11 वर्षीय बालक को जिला चिकित्सालय में नया जीवन मिला। जहरीले सांप के काटने के बाद बालक की हालत अत्यंत नाजुक हो गई थी। उसे तत्काल वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखकर उपचार शुरू किया गया। लगभग तीन दिनों तक जीवन के लिए संघर्ष करने के बाद बालक की स्थिति में लगातार सुधार हुआ और चिकित्सकों के अथक प्रयासों से वह स्वस्थ हो गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले के अमलीडीह निवासी 11 वर्षीय बालक को जहरीले सांप के काटने के बाद गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय लाया गया। बालक की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बिना विलंब किए तत्काल आवश्यक जीवनरक्षक उपचार शुरू किया। उसकी सांस लेने की स्थिति गंभीर होने पर उसे इंट्यूबेट कर वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया, ताकि शरीर को आवश्यक श्वसन सहायता मिल सके। बालक लगभग तीन दिनों तक वेंटिलेटर पर रहा। इस दौरान बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मधु ध्रुव एवं उनकी टीम ने लगातार उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी और आवश्यकतानुसार उपचार किया। चिकित्सकों की सतत निगरानी, समय पर चिकित्सा निर्णय और पूरी टीम के समन्वित प्रयासों से बालक की हालत में धीरे-धीरे सुधार होने लगा। अंततः बालक स्वस्थ हो गया।
इस सफल उपचार से बालक के परिजनों को बड़ी राहत मिली। उन्होंने कठिन परिस्थिति में चिकित्सकों एवं अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा किए गए समर्पित प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार ने इस चुनौतीपूर्ण मामले में सफलता के लिए पूरी चिकित्सकीय टीम को बधाई दी। उन्होंने टीम के समर्पण, आपसी समन्वय और सेवाभाव की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *