October 19, 2026

NH-130 रायपुर बिलासपुर हाइवे मे भोजपुरी टोल से नांदघाट तक मवेशियों का कब्ज़ा, मदवानी मोड़ पर बने खतरनाक ‘जंप’ से रोज़ गिर रहे बाइक सवार

0
IMG-20260812-WA0029


मुंगेली सरगांव:
रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे (NH-130) पर सफर करना आम जनता के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। भोजपुरी टोल प्लाजा से लेकर नांदघाट तक आवारा मवेशियों के जमावड़े और जर्जर सड़क के कारण आये दिन गंभीर हादसे हो रहे हैं। इस बेकाबू व्यवस्था की चपेट में सबसे ज़्यादा मोटरसाइकिल और कार सवार आ रहे हैं।
मदवानी मोड़ पर बना खतरनाक ‘जंप’
बैतलपुर के पास मदवानी मोड़ पर हाईवे की सड़क खराब होकर एक बड़ा ‘जंप’ बन गई है। तेज़ रफ्तार से आने वाले मोटरसाइकिल चालक इस अचानक आए जंप को भांप नहीं पाते और उछलकर सड़क पर गिर रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस मोड़ पर रोजाना बाइक सवार घायल हो रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग इसे सुधारने की ज़हमत नहीं उठा रहा।


अंधेरे में ख़ौफ़ का सफर
समस्या यहीं खत्म नहीं होती; पूरे पैच में लगी स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। रात के अंधेरे में न तो सड़क का यह खतरनाक जंप नज़र आता है और न ही बीच सड़क पर बैठे जानवर। नतीजतन, तेज़ रफ्तार वाहन सीधे हादसों का शिकार हो रहे हैं।
हाइवे पेट्रोलिंग परेशान, NHAI गायब
सड़क पर हादसों को रोकने के लिए पुलिस की हाइवे पेट्रोलिंग टीम रात-दिन जानवरों को सड़क से भगा-भगाकर परेशान हो चुकी है। वहीं दूसरी तरफ, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की अपनी पेट्रोलिंग टीम मौके से पूरी तरह नदारद है।


टोल वसूली जारी, सुविधाएं नदारद
लाखों रुपये का टोल वसूलने के बाद भी न तो मदवानी मोड़ के जंप को ठीक किया जा रहा है और न ही बंद लाइटों को चालू कराया जा रहा है। NHAI की इस घोर लापरवाही से यात्रियों की जान जोखिम में है। यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और सुरक्षा के इंतज़ाम नहीं किए गए, तो कभी भी कोई बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed