October 20, 2026

छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ ग्रेन एटीएम, अब 24 घंटे कभी भी ले सकेंगे राशन का चावल

0
1-25

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के तीन शहरों में ग्रेन एटीएम का ऑनलाइन शुभारंभ किया। इसकी शुरुआत रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग से की गई है।
खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार ग्रेन एटीएम की व्यवस्था शुरू की गई है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ देश का पांचवां राज्य बन गया है, जहां एटीएम के माध्यम से हितग्राहियों को चावल उपलब्ध कराया जाएगा।


दूसरे राज्यों के राशन कार्डधारी भी ले सकेंगे चावल
मंत्री बघेल के मुताबिक, इन ग्रेन एटीएम का लाभ केवल छत्तीसगढ़ के हितग्राही ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड, ओडिशा और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों के राशन कार्डधारी भी उठा सकेंगे। यानी पात्र हितग्राही अपने राशन कार्ड के आधार पर निर्धारित मात्रा में चावल प्राप्त कर सकेंगे।
24 घंटे उपलब्ध रहेगी सुविधा


ग्रेन एटीएम को 24 घंटे संचालित किया जाएगा। इससे हितग्राहियों को राशन दुकान खुलने के निर्धारित समय का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वे अपनी सुविधा और समय के अनुसार कभी भी एटीएम से चावल प्राप्त कर सकेंगे। इससे राशन दुकानों में लगने वाली लंबी कतारों से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
2500 किलो चावल रखने की क्षमता


मंत्री ने बताया कि प्रत्येक ग्रेन एटीएम की क्षमता 2500 किलोग्राम चावल रखने की है। मशीन में चावल की लोडिंग की प्रक्रिया भी स्वचालित होगी। इससे राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और तकनीकी सुविधा बढ़ाने में मदद मिलेगी।
सीसीटीवी और गार्ड से होगी सुरक्षा
24 घंटे संचालित होने वाले ग्रेन एटीएम की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। सभी एटीएम पर सीसीटीवी कैमरों के साथ सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था रहेगी। सरकार का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से राशन वितरण को अधिक सरल, सुविधाजनक और आधुनिक बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed