October 19, 2026

बलेनो कार में बना रखा था सीक्रेट चेंबर, 53 किलो गांजा जब्त; पुलिस को देख तस्कर फरार

0
64-2

महासमुंद

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास एक लावारिस बलेनो कार से 52.990 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए कार की पिछली सीट और छत (रूफ) में विशेष सीक्रेट चेंबर तैयार किया था। पुलिस ने गांजा, कार और दो मोबाइल फोन समेत 29.51 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा और राष्ट्रीय राजमार्गों पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा नंबर (ओडी 02 बीएफ 1327) की एक बलेनो कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही सिंघोड़ा थाना पुलिस ने रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर दी।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस को चेकिंग प्वाइंट से करीब 100 मीटर पहले संदिग्ध बलेनो कार लावारिस हालत में खड़ी मिली। आशंका है कि पुलिस की मौजूदगी देखकर तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। जब पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कार की तलाशी ली तो पिछली सीट और रूफ में बने गुप्त चेंबर से 52.990 किलो गांजा बरामद हुआ।
जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 26.48 लाख रुपये, कार की कीमत 3 लाख रुपये और दो मोबाइल फोन की कीमत 2,500 रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 29.51 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
सिंघोड़ा थाना पुलिस ने फरार चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वाहन के पंजीयन, बरामद मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तस्करों की पहचान कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed