October 19, 2026

पैसे मांगने पर दी झूठे केस में फंसाने की धमकी, मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने दी जान; मामा-मामी गिरफ्तार

0
39-41

युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले मामा-मामी गिरफ्तार

मस्तुरी थाना पुलिस ने युवक को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में उसके मामा और मामी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेने और बाद में लगातार मानसिक प्रताडऩा देने के कारण युवक ने आत्महत्या कर ली थी।


पुलिस के अनुसार, थाना मस्तुरी में दर्ज मर्ग क्रमांक 40/2026 की जांच के दौरान मृतक राहुल साहू (22 वर्ष), निवासी हिरीं के माता-पिता और बहन के बयान लिए गए। परिजनों ने बताया कि राहुल के मामा इन्द्र कुमार वैष्णव उर्फ भवानी और मामी अंबिका वैष्णव ने शासकीय रेलवे कैंटीन में नौकरी लगवाने का भरोसा देकर उनसे रुपये लिए थे।


जांच में यह भी सामने आया कि नौकरी नहीं लगने पर राहुल कई बार अपनी रकम वापस मांगने गया। आरोप है कि 9 मार्च 2026 को रुपये मांगने पर उसकी मामी ने उसे धमकी दी कि यदि वह बार-बार पैसे मांगने आएगा तो उसे झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसा दिया जाएगा। इस धमकी के बाद राहुल मानसिक रूप से बेहद परेशान और भयभीत रहने लगा। उसने यह बात अपने पिता को भी बताई थी।


पुलिस का कहना है कि मर्ग जांच में मिले साक्ष्यों के अनुसार अप्रैल 2025 से ही राहुल को उसके मामा और मामी द्वारा लगातार मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा था। इसी प्रताडऩा और लोकलाज के भय के कारण उसने 9 मार्च 2026 को आत्महत्या कर ली।


मामले में थाना मस्तुरी में अपराध क्रमांक 490/2026 के तहत धारा 108 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अपराध से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed