अमरनाथ यात्रा से पहले सुरक्षा व्यवस्था का उच्चस्तरीय आकलन, सीडीएस जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि आज कश्मीर दौरे पर
श्री नगर 3 जुलाई से प्रारंभ होने वाली श्री अमरनाथ यात्रा-2026 को लेकर सुरक्षा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि शनिवार को जम्मू-कश्मीर के दौरे पर पहुंचेंगे, जहां वे यात्रा मार्गों तथा नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सुरक्षा व्यवस्था और सैन्य तैयारियों का व्यापक जायजा लेंगे।
अधिकारियों के अनुसार, सीडीएस श्रीनगर स्थित 15 कोर मुख्यालय में परिचालन तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद वे अग्रिम क्षेत्रों का दौरा कर नियंत्रण रेखा पर सैनिकों की तैनाती, घुसपैठ रोकने के लिए किए गए सुरक्षा प्रबंधों तथा मौजूदा सुरक्षा स्थिति का आकलन करेंगे। सीडीएस का पदभार संभालने के बाद यह उनका जम्मू-कश्मीर का पहला आधिकारिक दौरा है।
इससे पहले शुक्रवार को जनरल सुब्रमणि ने उधमपुर स्थित उत्तरी कमान मुख्यालय तथा नगरोटा स्थित 16 कोर मुख्यालय में वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा हालात की समीक्षा की। उन्हें आतंकवाद-रोधी अभियानों, नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा व्यवस्था तथा घुसपैठ रोकने के लिए किए जा रहे उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान श्री अमरनाथ यात्रा-2026 की सुरक्षा तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षित आवाजाही, सुरक्षा बलों की तैनाती, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय तथा यात्रा मार्गों पर किए गए सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी सीडीएस को दी।
इसके बाद जनरल सुब्रमणि ने राजौरी और पुंछ के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा कर अग्रिम चौकियों पर तैनात सैनिकों की परिचालन तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्रीय सैन्य कमांडरों से चर्चा कर सीमा पार से घुसपैठ की कोशिशों को रोकने के लिए स्थापित घुसपैठ-रोधी सुरक्षा तंत्र की भी समीक्षा की। सेना के अधिकारियों ने उन्हें हाल के सुरक्षा घटनाक्रमों और उभरती चुनौतियों से अवगत कराया।
यात्रा से पूर्व पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई है। सेना, अर्धसैनिक बलों तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रा मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। क्षेत्र पर नियंत्रण, गश्त और आतंकवाद-रोधी अभियान भी तेज कर दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।
इस बीच, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने लद्दाख के तीन दिवसीय दौरे की शुरुआत की है। वे वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे तथा वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। उनके सियाचिन ग्लेशियर का भी दौरा करने की संभावना है, जहां वे दुर्गम क्षेत्रों में तैनात सैनिकों की कार्य परिस्थितियों, सुविधाओं और परिचालन तैयारियों का जायजा लेंगे।
उधर, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भी पूर्वी लद्दाख में वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से मुलाकात कर नागरिक-सैन्य समन्वय, क्षेत्रीय विकास तथा अग्निवीरों के पुनर्नियोजन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने लद्दाख स्काउट्स रेजिमेंटल सेंटर का दौरा कर प्रशिक्षण सुविधाओं, परिचालन क्षमता और आधुनिकीकरण कार्यक्रमों की समीक्षा की तथा उत्कृष्ट सेवा के लिए चयनित सैनिकों को प्रशंसा-पत्र प्रदान किए।
श्री अमरनाथ यात्रा-2026 तीन जुलाई से प्रारंभ होकर 28 अगस्त तक चलेगी। यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए केंद्र तथा जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
