October 19, 2026

रिश्तेदार ने नकली गन दिखाकर नाबालिग से किया छेड़छाड़

0
21-kr-6

कोरबा

सीएसईबी चैकी क्षेत्र के कोहडिय़ा इलाके में 12 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़, मारपीट और लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवक पीडि़ता का रिश्तेदार बताया जा रहा है, जिसने नकली गन दिखाकर नाबालिग को डराया, उसके साथ छेड़छाड़ की और 30 हजार रूपए लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में पास्को एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक बिलासपुर से कोरबा आया था। वह पीडि़ता के पिता से जमीन के सौदे और पैसों के लेनदेन के संबंध में मिलने पहुंचा था। इस दौरान आरोपी के साथ दो अन्य व्यक्ति भी मौजूद थे। बताया गया कि बातचीत के दौरान आरोपी और पीडि़ता के पिता कोहडिय़ा क्षेत्र के पास सड़क किनारे जंगल में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर आरोपी ने पीडि़ता के पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश हो गया।
पिता की चीख-पुकार सुनकर 12 वर्षीय नाबालिग बेटी मौके पर पहुंची। आरोप है कि आरोपी ने उसे नकली गन दिखाकर डराया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने नाबालिग के साथ मारपीट भी की। पीडि़ता के अनुसार, मारपीट के दौरान आरोपी ने उसके बैग में रखे 30 हजार रूपए भी छीन लिए। यह रकम उसके पिता की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने दो साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीडि़ता ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सीएसईबी चैकी पुलिस ने पीडि़ता और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए। इसके बाद नाबालिग को मेडिकल टेस्ट के लिए भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, मेडिकल जांच में छेड़छाड़ और मारपीट की पुष्टि हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपराध दर्ज किया गया। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि जांच में आरोपी पीडि़ता का रिश्तेदार पाया गया है। पीडि़ता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पास्को एक्ट, लूट, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस आरोपी और उसके दो साथियों की तलाश में जुटी हुई है। आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed