आगर साहित्य समिति ने मनाई साहित्य ऋषि कृष्ण कुमार भट्ट ‘पथिक’ की पुण्यतिथि
साहित्यकारों ने किया स्मरण, कहा – मुंगेली की साहित्यिक चेतना को जीवंत रखने में रहा अमूल्य योगदान
मुंगेली। आगर साहित्य समिति के पूर्व संरक्षक एवं वरिष्ठ साहित्यकार स्वर्गीय कृष्ण कुमार भट्ट ‘पथिक’ की पुण्यतिथि पर मंगलवार 9 जून को होटल पुनीत में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ‘पथिक’ जी के छायाचित्र पर पुष्पहार अर्पित कर एवं श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए किया गया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए आगर साहित्य समिति के अध्यक्ष देवेन्द्र परिहार ने कहा कि मुंगेली जिले में साहित्यिक वातावरण को जीवंत बनाए रखने तथा साहित्यकारों को निरंतर लेखन के लिए प्रेरित करने में स्वर्गीय कृष्ण कुमार भट्ट ‘पथिक’ का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके मार्गदर्शन और संरक्षण में जिले के अनेक साहित्यकारों को नई दिशा मिली।
वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार मनोज अग्रवाल ने उन्हें याद करते हुए कहा कि साहित्य के लिए भट्ट जी जैसा समर्पित व्यक्तित्व अत्यंत दुर्लभ होता है। उन्होंने बताया कि शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद भी भट्ट जी साहित्य और मुंगेली की साहित्यिक उन्नति के प्रति समर्पित रहे तथा जीवन के अंतिम समय तक परिवार से दूर मुंगेली में रहकर साहित्य साधना करते रहे।
वरिष्ठ साहित्यकार एवं भागवताचार्य डॉ. सत्यनारायण तिवारी ने कहा कि सादगी, समर्पण और साहित्य साधना का पर्याय ही कृष्ण कुमार भट्ट ‘पथिक’ थे। उनका व्यक्तित्व नई पीढ़ी के साहित्यकारों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
आगर साहित्य समिति के संयोजक अशोक गुप्ता ने कहा कि ‘पथिक’ जी ने मुंगेली के साहित्यकारों को स्थानीय सीमाओं से बाहर निकलकर व्यापक साहित्य सृजन के लिए प्रेरित किया। वहीं समिति के सहसंयोजक राकेश गुप्ता ‘निर्मल’ ने कहा कि उन्हें साहित्य से जोड़ने का श्रेय ‘पथिक’ जी को जाता है। उन्होंने ‘कविता चौराहे पर’ जैसे साहित्यिक आयोजनों को भी प्रोत्साहन प्रदान किया।
समिति के सचिव देव गोस्वामी ने कहा कि भट्ट जी का उनके प्रति विशेष स्नेह रहा। उनके सानिध्य में ही उन्होंने आगर साहित्य समिति की गोष्ठियों में भाग लेना शुरू किया और लेखन की प्रेरणा प्राप्त की। उन्होंने कहा कि उनकी दृष्टि में ‘पथिक’ जी एक साहित्य ऋषि थे।
इस अवसर पर वरिष्ठ व्यवसायी प्रवीण वैष्णव, जगदीश प्रसाद देवांगन, चंद्रशेखर उपाध्याय, विभा सोनी एवं दिलीप सिंह राजपूत सहित उपस्थित साहित्यप्रेमियों ने भी स्वर्गीय कृष्ण कुमार भट्ट ‘पथिक’ को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का संचालन आगर साहित्य समिति के अध्यक्ष देवेन्द्र परिहार ने किया। अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत साहित्यकार को श्रद्धांजलि दी गई तथा सभा का समापन किया गया।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
