October 19, 2026

महिला आरक्षण पर कांग्रेस का ‘हल्ला बोल’, भाजपा पर लगाया जनता को गुमराह करने का आरोप

0
IMG-20260424-WA0189.jpg

महिला आरक्षण पर कांग्रेस का हमला, भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप


मुंगेली। महिला आरक्षण को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर जिले में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और महिला आरक्षण के मुद्दे पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

जिला मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पंडरिया की पूर्व विधायक ममता चंद्राकर ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार महिला आरक्षण को लेकर लगातार भ्रम फैला रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा यह प्रचार कर रही है कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के विरोध के कारण महिला आरक्षण विधेयक पारित नहीं हो पाया, जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस शुरू से ही महिला आरक्षण की समर्थक रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के रूप में महिला आरक्षण का 128वां संविधान संशोधन संसद के दोनों सदनों से पारित हो चुका है और राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद यह कानून बन चुका है। इसके बावजूद इसे लागू नहीं किया जा रहा है, जो भाजपा की मंशा पर सवाल खड़े करता है।

ममता चंद्राकर ने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण को लागू करने के बजाय परिसीमन के मुद्दे को उससे जोड़कर अपने राजनीतिक हित साधना चाहती है। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रस्तुत 131वें संविधान संशोधन विधेयक में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सीटों का पुनर्गठन शामिल था।

उन्होंने कहा कि जब 2026-27 की जनगणना प्रस्तावित है और सरकार स्वयं जातिगत जनगणना की बात कर चुकी है, तो फिर पुराने आंकड़ों के आधार पर परिसीमन क्यों किया जा रहा है। कांग्रेस का मत है कि महिला आरक्षण को तत्काल लागू किया जा सकता है और इसके लिए परिसीमन का इंतजार आवश्यक नहीं है। वर्तमान व्यवस्था में ही 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जा सकता है।

कांग्रेस ने अपने ऐतिहासिक रुख को दोहराते हुए कहा कि पंचायतों और नगरीय निकायों में महिलाओं को आरक्षण दिलाने का श्रेय कांग्रेस सरकारों को जाता है। वर्ष 1989 में राजीव गांधी द्वारा यह पहल की गई थी, जिसे बाद में 1993 में पी.वी. नरसिम्हा राव सरकार ने लागू किया। वहीं संसद और विधानसभाओं में महिला आरक्षण के लिए 2010 में मनमोहन सिंह सरकार ने विधेयक पारित कराया था।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर देशभर में भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है, जबकि विपक्ष की एकजुटता के कारण उसका परिसीमन से जुड़ा प्रस्ताव सफल नहीं हो पाया।

प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा सहित संजीत बनर्जी, मायारानी सिंह, जागेश्वरी वर्मा, उर्मिला यादव, दीपक गुप्ता, स्वतंत्र मिश्रा, संजय यादव, अभिलाष सिंह, खुशबू वैष्णव, बिंदु यादव, शकीरा, ललिता सोनी, अनिता विश्वकर्मा, जाहिदा बेगम, निधि पौराणिक, वैशाली सोनी, आराधना तिवारी, साधना वर्मा, मनोरमा गुप्ता, ममता वर्मा और श्रीनिवास ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पत्रकार वार्ता के माध्यम से कांग्रेस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि आने वाले समय में महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर वह भाजपा को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed