October 19, 2026

तीन प्रमुख मार्ग बने ‘ट्रेफिक वायलेशन फ्री जोन’, यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई

0
IMG-20260106-WA0918.jpg

बिलासपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने की दिशा में यातायात पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत बिलासपुर शहर के तीन प्रमुख मार्गों को “ट्रेफिक वायलेशन फ्री जोन” के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

यातायात पुलिस द्वारा पायलट प्रोजेक्ट के तहत जिन तीन सेक्टरों का चयन किया गया है, उनमें अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड, लिंक रोड से महिमा तिराहा होते हुए श्रीकांत वर्मा मार्ग तथा महाराणा प्रताप चौक से नेहरू चौक शामिल हैं। इन सेक्टरों में प्राथमिकता के आधार पर पूरे एक माह तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर को अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित कर उन्हें भी ट्रेफिक वायलेशन फ्री जोन के रूप में विकसित किया जाएगा।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह को ध्यान में रखते हुए भूतल परिवहन मंत्रालय एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार यातायात पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही सुधारात्मक और समाधानपरक प्रयासों के माध्यम से शहर की यातायात व्यवस्था को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर सरल, सुगम, सुरक्षित और सुचारु बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

इसी क्रम में सोमवार को अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड तक विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान मुख्य मार्ग को बाधित करने वाले सभी अवरोधों को हटाया गया। दुकानों के सामने लगे बैनर, पोस्टर, फ्लेक्सी, होर्डिंग, डिस्प्ले बोर्ड और साइन बोर्ड हटाए गए। इसके अलावा दुकानों के सामने किए गए पक्के निर्माण, अतिरिक्त दीवारें तथा सड़क पर अतिक्रमण कर बनाई गई संरचनाओं को भी हटाया गया।

यातायात पुलिस ने होटल, लॉज, ढाबा, कोचिंग संस्थानों सहित सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों को निर्देश दिए हैं कि वे सड़क पर भीड़ न लगने दें और ग्राहकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही खड़ा कराएं। वहीं ठेला, गुमटी, चाट, गुपचुप, फल एवं खिलौने बेचने वाले चलित ठेले मुख्य मार्ग पर न लगाएं, अन्यथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान और आगे भी यातायात नियमों का पालन करें, ताकि चयनित तीनों सेक्टरों को पूर्ण रूप से “ट्रेफिक वायलेशन फ्री जोन” के रूप में विकसित किया जा सके और शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed