October 19, 2026

ध्यान भटकाकर चोरी करने वाले शातिर चोर पर पुलिस का शिकंजा, ACCU व मस्तुरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

0
IMG-20260105-WA0636.jpg

बिलासपुर। ध्यान भटकाकर चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए ACCU एवं मस्तुरी पुलिस ने बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोर तथा एक विधि से संघर्षरत किशोर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की सतर्कता और त्वरित विवेचना का परिणाम मानी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला दिनांक 30 दिसंबर 2025 का है। प्रार्थिया प्रेम कुमारी कुर्रे अपने घर से अकेली मस्तुरी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक से पैसा निकालने के लिए ऑटो से मस्तुरी आई थी। बैंक से कुल 1,02,000 रुपये निकालने के बाद वह पैदल ही स्टेट बैंक मस्तुरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान मेन रोड पर संतोष किराना दुकान के पास किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा महिला के कपड़ों पर कचरा फेंक दिया गया।

कपड़ों पर कचरा पड़ने से महिला उसे झाड़ने लगी। इसी दौरान वह सड़क किनारे पेड़ की डगाली पर अपने हाथ में रखा थैला और उसमें मौजूद रकम रखकर साड़ी साफ करने लगी। साड़ी धोने के बाद जब उसने थैला उठाकर देखा तो उसमें रखे 1,02,000 रुपये गायब थे। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मौका पाकर रकम चोरी कर ली गई थी।

घटना की सूचना मिलने पर मस्तुरी थाना में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देशन में अज्ञात आरोपियों की तलाश एवं चोरी गई राशि की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।

सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर आरोपी सचिन ध्रुव तथा एक विधि से संघर्षरत किशोर की पहचान हुई। इसके बाद ACCU एवं मस्तुरी पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए छत्तीसगढ़–ओडिशा बॉर्डर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई रकम में से 20,000 रुपये नकद बरामद किए। इसके बाद आरोपी सचिन ध्रुव पिता राजेश ध्रुव, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम भीमखोज, संतोषीनगर वार्ड क्रमांक 04, थाना खल्लारी, जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं विधि से संघर्षरत किशोर के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों एवं बैंकों के आसपास इस प्रकार के शातिर तरीकों से होने वाली चोरी से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed