पहल जागरूकता अभियान के तहत मुंगेली नगर पालिका में बैठक, साइबर फ्रॉड, यातायात नियम व नशा मुक्ति पर दिया गया जोर
पहल जागरूकता अभियान के तहत मुंगेली नगर पालिका में बैठक, साइबर फ्रॉड, यातायात नियम व नशा मुक्ति पर दिया गया जोर
जिला मुंगेली में पुलिस अधीक्षक भोज राम पटेल द्वारा आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार चलाए जा रहे “पहल जागरूकता अभियान” के तहत दिनांक 20 दिसंबर 2025 को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक पुलिस अधीक्षक भोज राम पटेल के दिशा-निर्देश में नगर पालिका परिषद मुंगेली के कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक का नेतृत्व पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) मयंक तिवारी द्वारा किया गया।
बैठक में नगर पालिका परिषद मुंगेली के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी पार्षद उपस्थित रहे। इस दौरान शहर में बढ़ते साइबर अपराध, यातायात नियमों के पालन तथा नशा और ड्रग्स से दूर रहने जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसडीओपी मयंक तिवारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर फ्रॉड एक बड़ी चुनौती बन चुका है। आम नागरिकों को किसी भी अनजान कॉल, लिंक, ओटीपी या ऑनलाइन लालच से सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने पार्षदों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्डों में नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के तरीकों की जानकारी दें।
यातायात नियमों के संबंध में एसडीओपी तिवारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, ओवरस्पीडिंग से बचना और नशे की हालत में वाहन न चलाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों का पालन केवल कानून का डर नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए जरूरी है। इस विषय पर भी पार्षदों से आग्रह किया गया कि वे वार्ड स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को नियमों के प्रति संवेदनशील बनाएं।
बैठक में नशा एवं ड्रग्स के बढ़ते खतरे पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। एसडीओपी मयंक तिवारी ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को विशेष रूप से नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है। पार्षदों को निर्देशित किया गया कि वे अपने वार्डों में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाएं और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें। बैठक में पुलिस अधिकारी शत्रुहन खूंटे, बबीता श्रीवास सायबर सेल, श्रीमती शैलजा स्वामी ,नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा, पार्षद मोहन मलाह, अरविंद वैष्णव, असलम खान, विनय चोपड़ा, मकबूल खान, संजय चंदेल, कुलदीप पाटले, रोशन सोनी, निमेष देवांगन, विजय बंजारे, रामकिशोर देवांगन, दिलीप सोनी, सत्येंद्र सिंह परिहार, जितेंद्र दावड़ा, प्रतिनिधि रवि कोसले, श्रवण सोनकर , अवधेश शुक्ला उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि नगर पालिका के सभी पार्षद अपने-अपने वार्डों में पहल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर शहरवासियों को साइबर फ्रॉड से बचाव, यातायात नियमों के पालन और नशा मुक्त जीवन के लिए प्रेरित करेंगे। पुलिस प्रशासन और नगर पालिका के समन्वय से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।





The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
