“समाज सेवा की नई मिसाल: निक्षय मित्र योजना के तहत 10 टीबी रोगियों को गोद लेने पर स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी को राज्योत्सव में सम्मान
मुंगेली / मुंगेली की जानी-मानी सामाजिक संस्था स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी ने एक बार फिर समाज सेवा का अनोखा उदाहरण प्रस्तुत किया है। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत चल रही निक्षय मित्र योजना के तहत संस्था ने 10 टीबी (तपेदिक) रोगियों को गोद लेकर उनके पोषण, देखभाल और सहयोग की जिम्मेदारी उठाई है।
इस सराहनीय पहल के लिए जिला प्रशासन ने राज्योत्सव के अंतिम दिन संस्था को स्मृति चिन्ह, प्रमाणपत्र, साल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
निक्षय मित्र योजना, केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है जो टीबी उन्मूलन के लिए सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करती है। इस योजना के माध्यम से कोई भी व्यक्ति या संस्था टीबी रोगियों को पोषण, अतिरिक्त निदान और रोजगार सहायता जैसी मदद प्रदान कर सकती है।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष महावीर सिंह ने कहा हमारी संस्था सदैव सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक रही है। निक्षय मित्र योजना के माध्यम से समाज के कमजोर वर्ग की मदद कर हमें गर्व का अनुभव हो रहा है। हमारा उद्देश्य लोगों को सेवा और संवेदना के मार्ग पर प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक पुन्नलाल मोहले और कलेक्टर कुंदन कुमार ने संस्था के इस प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि स्टार्स ऑफ टुमॉरो समाज के प्रेरक कार्यों के लिए जानी जाती है, और इस पहल ने एक और उल्लेखनीय अध्याय जोड़ दिया है। यह पहल न केवल टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में एक कदम है, बल्कि समाज सेवा और मानवीयता की मिसाल भी है।
सम्मान प्राप्त करने के अवसर पर संस्था के सह संयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार, सदस्य वासु पांडेय एवं रवि साहू उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
