सोशल मीडिया पर बार-बार रील बनाकर हथियार लहराने, धमकी देने और लोगों को डराने धमकाने वाले आरोपियों पर बिलासपुर पुलिस का प्रहार
बिलासपुर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर बार-बार रील बनाकर हथियार लहराने, धमकी देने और लोगों को डराने-धमकाने वाले आरोपियों लुट्टू पांडेय, शिवम मिश्रा, लक्की यादव,शैलेश चौबे एवं शंभू यादव को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से एक रिवॉल्वर, एक एयर गन, एक चाकू, एक बेसबॉल स्टिक तथा लुट्टू पांडेय की एक बुलेट जप्त की गई है।
ये सभी आरोपी सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर, धमकी देने व लोगों में भय फैलाने जैसी वीडियो बार-बार डाल रहे थे। ऐसे रील डालकर इनका उद्देश्य अपना अपराधी चरित्र स्थापित करना और आम लोगों के बीच डर का माहौल बनाना था, जिससे समाज में असुरक्षा की भावना पैदा हो।
बिलासपुर पुलिस इन आरोपियों को लगातार ट्रैक कर रही थी। पुलिस के दायरे से बाहर रहने के लिए ये लोग उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, बनारस और इलाहाबाद जैसे शहरों में छिपते हुए बार-बार अपनी लोकेशन बदलते रहे। बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम स्थानीय एवं तकनीकी इनपुट के आधार पर इनकी गतिविधियों पर नज़र रख रही थी। पुलिस टीम ने बनारस से ट्रैक करते हुए रतनपुर क्षेत्र के पास घेराबंदी की, जहाँ से चारों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी लुट्टू पांडेय उर्फ रितेश, लक्की यादव, शंभू यादव एवं शिवम मिश्रा आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाश हैं। आरोपियों के विरुद्ध कई गंभीर अपराध दर्ज हैं तथा नीचे उल्लिखित अपराधों में उनकी गिरफ्तारी की गई है, जिनमें —
अप.क्र. 1100/2025 धारा 296, 331, 324(4), 351(2), 191(2) बीएनएस,
अप.क्र. 1199/2025 धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5), 49, 111 बीएनएस, 25, 27 आर्म्स एक्ट,
तथा अप.क्र. 1227/2025 धारा 21, 22, 29 एन.डी.पी.एस. एक्ट शामिल हैं।
इन प्रकरणों में आरोपियों द्वारा घर में घुसकर मारपीट करना, चाकू से हमला करना, नशे के कारोबार में संलिप्त रहना एवं संगठित तरीके से दहशत फैलाने जैसी गतिविधियाँ की गई थीं।
बिलासपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से जब्त हथियारों को विधिवत जप्त किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध संगठित अपराध की धारा जोड़कर कार्रवाई की जा रही है तथा उनके परिजनों एवं गिरोह के अन्य सदस्यों द्वारा *अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर जप्ती की कार्यवाही की जाएगी।
*इन बदमाशों के आपराधिक गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और उन्हेंभी कानून के दायरे में लाया जाएगा।
बिलासपुर पुलिस का स्पष्ट संदेश
सोशल मीडिया पर हथियार लहराने, धमकी देने या लोगों को डराने-धमकाने जैसी गतिविधियाँ पूरी तरह अपराधिक प्रवृत्ति हैं। ऐसे किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिलासपुर पुलिस ऐसे लोगों पर ऐसा कानूनी शिकंजा कसेगी कि उन्हें अपने कृत्य पर पछतावा होगा।


The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
