

मुंगेली। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय दाऊपारा, मुंगेली में 79वाँ स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, भारत माता एवं महात्मा गांधी जी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। मुख्य अतिथि एसएमडीसी अध्यक्ष रामशरण यादव ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ किया।
विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि एवं आगंतुकों का पारंपरिक तिलक व बैज लगाकर स्वागत किया गया। प्राचार्य डॉ. आई.पी. यादव ने स्वागत उद्बोधन में स्वतंत्रता दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया और आजादी को अक्षुण्य बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि यादव ने विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर सत्र 2024-25 में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
रूपेश सिंह राजपूत (कक्षा 12वीं) – 93.60% अंक, जिला एवं विद्यालय प्रथम स्थान।
पलक साहू (कक्षा 10वीं) – 94.67% अंक, विद्यालय प्रथम स्थान।
दोनों विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा 5-5 हजार रुपये, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसी प्रकार मंडल परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु व्याख्याता रूही फातिमा को श्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार (5000 रुपये, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र) प्रदान किया गया। साथ ही यह घोषणा की गई कि यह पुरस्कार प्रतिवर्ष दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में व्याख्याता महादेव यादव ने आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात् कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के निर्देशानुसार विद्यालय स्तर पर “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें चयनित विद्यार्थियों को विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता हेतु चुना गया।
समारोह में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्य, पालक-शिक्षक संघ पदाधिकारी, पालकगण तथा विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता पंकज मिश्रा ने किया।