October 19, 2026

राष्ट्रीय तलवारबाजी चैंपिनयशिप में दीपक शर्मा को मिला पांच मेडल अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिये हुआ चयन

0
IMG-20250713-WA0625.jpg




चेन्नई – ओलंपिया टेक्नोलॉजी पार्क चेन्नई में व्हीलचेयर फेंसिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं तमिलनाडु व्हीलचेयर फेंसिंग एसोशिएशन के तत्वावधान में तीन दिवसीय राष्ट्रीय पैरा फेंसिंग (तलवारबाजी) चैंपियनशिप 2025 का आयोजन किया गया। इसमें मूल रूप से मध्यप्रदेश के ग्राम म्याना जिला गुना के दिव्यांग खिलाड़ी दीपक शर्मा पुत्र मनोज कुमार शर्मा ने ऑल इंडिया तलवारबाजी चैंपियनशिप में तीन गोल्ड , एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल सहित कुल पांच मेडल अर्जित कर प्रदेश का मान बढ़ाया। दीपक ने इंडिविजुअल ईपी इवेंट में एक गोल्ड , सेवर इवेंट में एक ब्रॉन्ज मेडल जीता। इसके साथ ही टीम इवेंट ईपी एवं सेवर में दो गोल्ड और फॉइल टीम में एक सिल्वर मेडल जिताकर मध्यप्रदेश राज्य को टीम इवेंट के पदक तालिका में प्रथम स्थान प्रदान कराने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। समापन समारोह के अवसर पर व्हीलचेयर फेंसिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन एवं एडवोकेट सुप्रीम कोर्ट आर. प्रभाकरन , अध्यक्ष व अंतर्राष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी एस. नूरुद्दीन शेख , जनरल सचिव व अन्तर्राष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी एम. त्यागराजन , चीफ ऑफिसर डी नागराज , केशियर व अन्तर्राष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी जे. जोसेफ सुरेश , चीफ कोच डॉ. जी नागा सुब्रह्मण्यम द्वारा मेडल पहनाकर व बतौर टीम मैनेजर स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। ऑर्गनाइजिंग कमेटी द्वारा बताया गया कि मेडल विजेता खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय  प्रतियोगिता के लिये चयनित किया गया है , जिन्हें अंतर्राष्ट्रीय कॉम्पटीशन हेतु कैंप करके आवश्यक ट्रेनिंग प्रदान कर भेजा जायेगा। गौरतलब है कि दीपक शर्मा मध्यप्रदेश राज्य से तलवारबाजी में एकमात्र दिव्यांग अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी हैं जो कम्प्यूटर साइंस में एमएससी किये हैं। इनके पिता मनोज शर्मा विद्युत वितरण कंपनी से सेवानिवृत्त हैं और माता श्रीमति पुष्पा शर्मा कुशल गृहणी हैं। दो भाईयों में बड़ा दीपक वर्ष 2021-22 में पीसा इटली में आयोजित व्हीलचेयर फेंसिंग वर्ल्डकप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं एवं वर्ष 2021-22 में ही मध्यप्रदेश से प्रथम ब्रॉन्ज मेडलिस्ट भी रहे हैं। इसके अलावा दीपक शर्मा पैरा आर्मरेसलिंग (पंजा कुश्ती) के खिलाड़ी है जिसमें तीन बार के राष्ट्रीय गोल्ड मेडलिस्ट हैं एवं एशिया कप 2024 में भारत के लिये दो कांस्य पदक अर्जित कर चुके हैं। आर्मरेसलिंग के रैंकिंग टूर्नामेंट के माध्यम से प्रो पंजा लीग में रजिस्टर्ड खिलाड़ी हैं और हैदराबाद फ्रेंचाइजी के लिये भी खेलते हैं। भोपाल आगमन पर पैरा खिलाड़ी दीपक शर्मा ने सहकारिता एवं खेल मंत्री मध्यप्रदेश शासन विश्वास कैलाश सारंग , खेल एवं युवा कल्याण विभाग मध्यप्रदेश के संचालक आई.ए.एस. राकेश गुप्ता से भेंट की जिनके द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित कर बधाई एवं शुभकामनायें प्रदान किया गया। दीपक ने इस उपलब्धि पर एकेडमी के सीनियर फेंसिंग कोच भूपेंद्र सिंह चौहान का मार्गदर्शन एवं उक्त प्रतियोगिता हेतु आवश्यक प्रशिक्षण एवं सहयोग प्रदान करने के लिये धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। इस उपलब्धि का श्रेय दीपक ने अपने माता – पिता को देते हुये कहा कि उनके आशीर्वाद से ही यह संभव हो पाया है। इनको खेल में आगे बढ़ाने के लिये हमेशा मोटिवेट करने वाली रायगढ़ की विशेष शिक्षिका चंचल पटेल ने दीपक की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुये इसी तरह से अपने प्रदेश और देश का नाम रोशन करने की शुभकामनायें प्रेषित की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed