November 26, 2026

सम्मान की अपेक्षा से मुक्त निःस्वार्थ सेवा का संकल्प: प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन

0
IMG-20261126-WA0087



प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन की पूरी टीम ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है कि अब हम अपने जिले में अपनों के बीच की जाने वाली अपनी सेवा के बदले किसी भी प्रकार का सम्मान, प्रशस्ति पत्र या सार्वजनिक अभिनंदन स्वीकार नहीं करेंगे।

इस निर्णय के पीछे एक आत्ममंथन है।

हम लंबे समय से अपने प्रत्येक कार्य और पोस्ट में *निःस्वार्थ सेवा* शब्द का उपयोग करते आ रहे हैं, लेकिन कहीं न कहीं हमारे मन में भी यह इच्छा थी कि हमें किसी मंच पर सम्मान मिले, हमारी प्रशंसा हो और हमारे कार्यों का अभिनंदन किया जाए।

आखिर यह भी एक मानवीय स्वभाव है। मन के किसी कोने में छिपी यह अपेक्षा हममें भी थी।

लेकिन फिर लगा कि यदि हमारी सेवा वास्तव में निःस्वार्थ है, तो हमें सम्मान और प्रशंसा की इस अपेक्षा से भी स्वयं को मुक्त करना होगा।

देर से ही सही, हमने यह संकल्प लिया है कि अपने जिले में अपनों के लिए, अपने समाज के लिए और जरूरतमंद लोगों के लिए हमारी सेवा निरंतर जारी रहेगी, लेकिन उसके बदले किसी मान-सम्मान, प्रशंसा या पुरस्कार की कोई अपेक्षा नहीं होगी।

हमें यह सूचना आप सभी तक पहुंचाना इसलिए आवश्यक लगा क्योंकि पिछले एक सप्ताह में दो अलग-अलग स्थानों से सम्मान समारोह में आमंत्रण प्राप्त हुआ, जिन्हें हमने विनम्रतापूर्वक अस्वीकार किया।

सच कहें तो सम्मान के लिए मिले आमंत्रण को अस्वीकार करना हमारे लिए भी बेहद असहज होता है। आमंत्रित करने वालों के स्नेह और भावनाओं का हम हृदय से सम्मान करते हैं।

**अतः आप सभी से पुनः हाथ जोड़कर विनम्र आग्रह है कि कृपया हमें सम्मान, अभिनंदन एवं प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने वालों की सूची से बाहर रखें।**

हमारे लिए किसी जरूरतमंद के चेहरे पर आई मुस्कान, किसी बच्चे के हाथ में किताब, किसी पीड़ित को मिली चिकित्सा सहायता और किसी असहाय के जीवन में आया थोड़ा-सा बदलाव ही सबसे बड़ा सम्मान है।

**सम्मान पाने की अपेक्षा नहीं, बल्कि किसी के जीवन में सम्मान और मुस्कान का कारण बनना ही हमारा उद्देश्य है।**

🙏 सेवा का यह सफर बिना किसी अपेक्षा के निरंतर जारी रहेगा।

**प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन**

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *