November 26, 2026

जन्मदिन विशेष:उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रयासों से बदल रही मुंगेली की तस्वीर,4 करोड़ 94 लाख की लागत से संवर रहा गौरवपथ,जन्मदिन पर नगरवासियों ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं

0
IMG_20261125_114838-1152x1536

मुंगेली/प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रयासों और पहल से मुंगेली नगर में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। नगर को मिली करोड़ों रुपये की विकास सौगातों के बाद अब शहर की तस्वीर बदलती नजर आने लगी है। नगर के प्रमुख मार्ग गौरवपथ का निर्माण एवं उन्नयन कार्य भी इसी विकास की कड़ी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। अधोसंरचना मद से गौरवपथ के लिए 4 करोड़ 94 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी,जिसके बाद बिलासपुर की निर्माण कंपनी अविनाश बिल्डकॉन द्वारा निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया।

लंबे समय से गौरवपथ की बदहाल स्थिति और निर्माण कार्य में हो रही देरी के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों, व्यापारियों एवं आसपास के रहवासियों को उड़ती धूल से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। धूल के कारण दुकानदारों और आम नागरिकों को भारी असुविधा हो रही थी। अब गौरवपथ पर डामरीकरण (बीटी) कार्य प्रारंभ होने से नगरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। डामरीकरण कार्य पूरा होने के बाद आवागमन सुगम होगा और लोगों को धूल की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी। साथ ही नगरवासियों को एक बेहतर और चमचमाती सड़क की सुविधा मिल सकेगी।

उप मुख्यमंत्री के प्रयास से नगर को मिली विकास कार्यों की बड़ी सौगातें

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव की पहल पर मुंगेली नगर के विकास, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों हेतु करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इन कार्यों में प्रमुख रूप से मुंगेली-नांदघाट फोरलेन सड़क निर्माण,नवीन नगर पालिका भवन निर्माण,नगर के मुख्य मार्गों पर पांच भव्य स्वागत द्वारों का निर्माण,नालंदा परिसर,स्विमिंग पूल निर्माण,नगर के गार्डनों का सौंदर्यीकरण,फिल्टर घाट पेंडाराकापा में नवीन गार्डन निर्माण,बुधवारी बाजार का जीर्णोद्धार,स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापना एवं परिसर का सौंदर्यीकरण,आगर खेल परिसर का सौंदर्यीकरण तथा निरंजन प्रसाद केशरवानी बाल वाटिका का सौंदर्यीकरण शामिल हैं।

इसके अलावा नगर में चौपाटी निर्माण,नवापारा तालाब का सौंदर्यीकरण,शक्तिमाई मंदिर में शेड एवं सड़क निर्माण तथा नगर के विभिन्न वार्डों में सड़क,नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है। इन परियोजनाओं के माध्यम से नगर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ शहर को सुंदर,व्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

विकास कार्यों से नगर को मिल रही नई पहचान

गौरतलब है कि मुंगेली नगर में सड़क,शिक्षा,खेल,मनोरंजन,बाजार और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव की पहल चर्चा में है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ही मुंगेली के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। खासकर नालंदा परिसर,स्विमिंग पूल,गार्डन,चौपाटी और खेल परिसर जैसे कार्य नगर के युवाओं,विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।

वहीं आज 25 नवंबर को उप मुख्यमंत्री अरुण साव के जन्मदिन के अवसर पर नगरवासियों द्वारा उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं। नागरिकों ने मुंगेली नगर के विकास के लिए उनके द्वारा की गई पहल और विभिन्न विकास कार्यों की सौगात के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ,सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की है।

नगरवासियों का कहना है कि विकास कार्यों का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा,जब सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों। अब गौरवपथ पर डामरीकरण कार्य प्रारंभ होने से लोगों को इसके जल्द पूर्ण होने और मुंगेली की सड़कों को नया स्वरूप मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *