November 13, 2026

मुख्यमंत्री के आगमन से जिलेवासियों को सौगात की उम्मीद, खस्ताहाल सड़कें और रेल लाइन का मुद्दा फिर चर्चा में

0
IMG-20261113-WA0023


**मुंगेली।** प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुंगेली आगमन का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे जिलेवासियों की उम्मीदें भी बढ़ती जा रही हैं। लंबे समय से स्थानीय समस्याओं से जूझ रही जनता अब बेसब्री से इंतजार कर रही है कि मुख्यमंत्री जिले के विकास को लेकर कौन-कौन सी नई सौगात देंगे। चौतरफा विकास की गाथा गुनगुनाते मुंगेली जिले में आज भी कई बुनियादी समस्याएं समाधान की बाट जोह रही हैं। इनमें खस्ताहाल सड़कें, बहुप्रतीक्षित रेल लाइन और जिला गठन के बाद घोषणाओं के बावजूद अब तक शुरू नहीं हो पाई सिटी बस सेवा प्रमुख मुद्दे हैं।

गौरतलब है कि जब-जब जिले में किसी वीवीआईपी या वीआईपी का प्रवास होता है, तब-तब स्थानीय समस्याएं अचानक प्रशासन की प्राथमिकता में आ जाती हैं। सड़कों की मरम्मत से लेकर बिजली, पानी और साफ-सफाई तक की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए विभाग सक्रिय नजर आते हैं। लेकिन जैसे ही अतिथियों का दौरा समाप्त होता है, वैसे ही इन समस्याओं पर ध्यान कम होता दिखाई देने लगता है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या जिले की समस्याओं का समाधान केवल वीआईपी दौरे तक ही सीमित रहेगा?

वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर जनता के बीच लोकप्रिय विधायक की कथित उपेक्षा भी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधियों को यदि अपेक्षित महत्व और प्राथमिकता नहीं मिल पा रही है, तो आम जनता की समस्याओं को लेकर उनकी आवाज कितनी प्रभावी होगी, यह भी एक बड़ा सवाल है।

अब जिलेवासियों की निगाहें मुख्यमंत्री के दौरे पर टिकी हैं। जनता चाहती है कि इस बार केवल घोषणाओं और आश्वासनों तक बात सीमित न रहे, बल्कि रेल लाइन, सिटी बस सेवा और जर्जर सड़कों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर ठोस निर्णय लेकर मुंगेली के विकास को नई दिशा दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed