October 20, 2026

मुंगेली) मछली पकड़ने निकला युवक तालाब में मृत मिला

0
03.png

जिले के लोरमी क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। जो युवक घर से मछली पकड़ने की बात कहकर निकला था, उसकी लाश कुछ घंटों बाद तालाब में तैरती मिली। हैरानी की बात यह है कि मृतक बेहद अच्छा तैराक बताया जा रहा है, जिससे मामले ने रहस्यमयी मोड़ ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सालहेघोरी गांव निवासी देवचंद के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह गांव के तालाब में मछली पकड़ने गया था, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान देवचंद का शव तालाब में तैरता मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

परिवार का कहना है कि देवचंद को अच्छी तरह तैरना आता था और वह अक्सर तालाब में जाता था। ऐसे में डूबकर मौत होना सामान्य नहीं लग रहा। परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि देवचंद की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश हो सकती है।

घटना की सूचना मिलते ही लोरमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed