October 19, 2026

नाबालिग से दुष्कर्म मामला: अबोहर पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार, दूसरा फरार

0
1474111020250735388.webp


अबोहर । पंजाब के हलका बल्लुआना के एक गांव में 12 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में थाना सदर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। पुलिस ने एक आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, गांव के दो युवकों ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। जब लड़की सात महीने की गर्भवती हुई, तो यह मामला सामने आया। घटना की जानकारी पूरे गांव में फैल गई और किसी ने इसकी सूचना थाना सदर पुलिस को दी।

परिजनों ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया था, लेकिन कथित दबाव में आकर पुलिस ने मुख्य आरोपी को छोड़ दिया। बाद में मनदीप सिंह नामक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। पीड़िता को अबोहर के सिविल अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए लाया गया है।

पीड़िता के अनुसार, दोनों युवकों ने उसे धमकाकर दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से गांव और परिवार में भारी आक्रोश है।

फाजिल्का के एसएसपी गुरमीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल कराकर केस दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों के डीएनए सैंपल भी लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीड़िता के बयान न्यायाधीश के समक्ष दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें दोनों आरोपियों के नाम स्पष्ट हैं।

एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed