October 19, 2026

गाज़ियाबाद में दिल दहलाने वाली वारदात : पति ने बच्चों के सामने पत्नी का गला रेतकर की हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

0
image_search_1758533480995.jpg

गाज़ियाबाद । उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर अवैध संबंध का शक करते हुए बच्चों के सामने ही उसका गला रेतकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान किशन शर्मा (36) के रूप में हुई है, जो बुलंदशहर का रहने वाला था और गाज़ियाबाद में दिहाड़ी मजदूरी करता था। आरोपी अपनी पत्नी चंचल (32) और दो बच्चों (6 और 7 साल) के साथ दादरी में किराए के कमरे में रहता था।

पुलिस के मुताबिक, किशन को शक था कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति से संबंध रखती है। इसी शक को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता रहता था। शनिवार को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ और रविवार सुबह करीब 5 बजे गुस्से में आकर किशन ने अपनी पत्नी का गला बच्चों के सामने ही रेत दिया। यह खौफनाक नजारा देखकर दोनों मासूम बच्चे सदमे में आ गए।

हत्या के बाद आरोपी ने खुद ही हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल करके पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी किशन को चंचल के शव के पास बैठे पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग इस निर्मम हत्या से स्तब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed