आदिवासी लोकनृत्य ‘सुआ’ की गूँज और अपनों सा अपनापन: गुनापुर में खास रही ‘प्रयास’ फाउंडेशन की दीपावली
वनग्राम गुनापुर में प्रयास की टीम ने ग्रामीणों एवं बच्चों के साथ मनाई दीपावली, उपहार पाकर खिले बच्चों के चेहरे
गुनापुर। दीपावली के पावन अवसर पर प्रयास – अ स्मॉल स्टेप फाउंडेशन की टीम ने इस वर्ष वनग्राम गुनापुर में पहुँचकर बच्चों एवं ग्रामीणों के साथ दीपावली का उत्सव हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया। इस अवसर पर जहाँ बच्चों को दीपावली के उपहार वितरित किए गए, वहीं ग्रामीणों के साथ खुशियाँ साझा कर त्योहार की वास्तविक भावना को साकार करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम गुनापुर विद्यालय के हेडमास्टर रघुनाथ राठौर जी ने अपने विद्यालयीन स्टाफ एवं बच्चों के साथ प्रयास की टीम का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात प्रयास की टीम द्वारा राज्यपाल के हाथों सर्वश्रेष्ठ शिक्षक के रूप में सम्मानित रघुनाथ राठौर जी को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वनग्राम के बच्चों ने पारंपरिक आदिवासी लोकनृत्य सुआ की मनमोहक प्रस्तुति दी। बच्चों के शानदार नृत्य ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया और कार्यक्रम में आदिवासी लोकसंस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के अगले चरण में प्रयास की टीम ने बच्चों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। टीम के सदस्यों ने बच्चों को बताया कि दीपावली केवल दीप जलाने और मिठाइयाँ बाँटने का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, प्रेम, सद्भाव और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। साथ ही घर, आँगन एवं आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने की आवश्यकता समझाते हुए बताया गया कि स्वच्छता अपनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है।
बच्चों को दीपावली उपहार, ग्रामीणों को साड़ी और गमछा भेंट
प्रयास की टीम द्वारा वनग्राम गुनापुर के बच्चों को दीपावली उपहार के रूप में फुलझड़ियाँ, पटाखे, मिठाइयाँ, चॉकलेट, दीये, बाती, तेल एवं टॉवेल वितरित किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी। वहीं गाँव के ग्रामीणों को साड़ी, गमछा, दीये, बाती एवं मिठाइयाँ भेंटकर दीपावली की शुभकामनाएँ दी गईं।
बच्चों और ग्रामीणों के चेहरों पर दिखाई दे रही खुशी ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। प्रयास की टीम का कहना था कि त्योहारों की सार्थकता तभी है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग तक खुशियाँ पहुँचें और कोई भी व्यक्ति अपने आपको उत्सव से वंचित महसूस न करे।
विद्यालय प्रबंधन ने प्रयास की टीम का जताया आभार
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के हेडमास्टर रघुनाथ राठौर जी ने प्रयास की टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व को मनाने के लिए टीम ने सुदूर वनग्राम गुनापुर का चयन किया, यह यहाँ के ग्रामीणों एवं विद्यालय परिवार के लिए हर्ष और सम्मान का विषय है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त ग्रामीणों की ओर से प्रयास की पूरी टीम को हृदय से धन्यवाद दिया।
प्रयास की टीम ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल जरूरतमंदों तक सहायता पहुँचाना ही नहीं, बल्कि समाज के अंतिम छोर पर रहने वाले लोगों के साथ अपनत्व, संवेदना और खुशियाँ साझा करना भी है।
शहरों की जगमगाती रोशनी के बीच वनग्राम के इन छोटे-छोटे घरों में खुशियों के दीप जलाना ही प्रयास की दीपावली का सबसे सुंदर उद्देश्य है।
प्रयास – अ स्मॉल स्टेप फाउंडेशन का यह आयोजन सेवा, संवेदना और सामाजिक सहभागिता की एक सुंदर मिसाल बना।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
