राम मंदिर ट्रस्ट के कथित वित्तीय मामलों पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
मुंगेली – छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर गुरुवार को मुंगेली जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा राम मंदिर
मुंगेली – छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर गुरुवार को मुंगेली जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा राम मंदिर निर्माण और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय मामलों को लेकर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन, दान राशि के उपयोग और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की सर्वाेच्च न्यायालय की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बिलासपुर के पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं मुंगेली प्रभारी विजय केशरवानी ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर के श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा से दान दिया है। ऐसे में यदि ट्रस्ट के वित्तीय प्रबंधन या खर्च को लेकर किसी प्रकार के प्रश्न उठ रहे हैं तो उनकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होना आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं के मन में किसी तरह का संशय न रहे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी धार्मिक आस्था का विरोध नहीं कर रही है, बल्कि श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए धन के उपयोग में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग कर रही है। उनका कहना था कि यदि सभी कार्य नियमों के अनुरूप हुए हैं तो स्वतंत्र जांच से किसी को भी आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने भी प्रेस वार्ता के दौरान तीन प्रमुख सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि ट्रस्ट का गठन और संचालन उच्च स्तर की निगरानी में हुआ है तो कथित अनियमितताओं की जवाबदेही किसकी होगी। दूसरा, यदि सभी वित्तीय प्रक्रियाएं पूरी तरह नियमों के अनुसार हुई हैं तो संबंधित अधिकारियों और पदाधिकारियों पर कार्रवाई अथवा इस्तीफे जैसी स्थिति क्यों बनी। तीसरा, यदि किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं हुई है तो सर्वाेच्च न्यायालय की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने में आपत्ति क्यों होनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि ट्रस्ट के आय-व्यय, प्राप्त दान राशि, उसके उपयोग तथा प्रशासनिक निर्णयों से जुड़ी सभी जानकारियां सार्वजनिक की जाएं, जिससे देशभर के श्रद्धालुओं को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके। साथ ही प्रधानमंत्री से भी इस विषय पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी सार्वजनिक संस्था के वित्तीय कार्यों पर सवाल उठना असामान्य नहीं है और यदि आरोप लगाए जाते हैं तो उनका तथ्यों के आधार पर जवाब तथा निष्पक्ष जांच होना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करता है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा, संजीत बनर्जी, थानेश्वर साहू, , हेमेंद्र गोस्वामी, श्याम जायसवाल, दिलीप बंजारा, मनीष त्रिपाठी, संजय यादव, नरेश पाटले, संजय जायसवाल, नीरज यादव, श्रीनिवास ठाकुर, उमेश सोनी, मुकेश साहू, रमेश राजपूत, त्रिलोकी वर्मा, टेकराम सोनवानी, वहाब खान, विष्णु खांडे, उर्मिला यादव, अनीता विश्वकर्मा, मंजू शर्मा, अनीता सोनी, वैशाली सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
