सीईओ गोकुल राम रावटे का सख्त निर्देश: पूरी निष्ठा, समयबद्धता और पारदर्शिता से करें कार्य, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
मुंगेली
जिला पंचायत के नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल राम रावटे ने पदभार संभालते ही प्रशासनिक सक्रियता दिखाते हुए जिला पंचायत कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने शाखाओं में पहुंचकर अधिकारी-कर्मचारियों से सीधे संवाद किया और कार्यालयीन व्यवस्थाओं एवं संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
जिला पंचायत सीईओ गोकुल राम रावटे ने पदभार ग्रहण करने के बाद स्थापना एवं प्रशासनिक शाखा, आवक-जावक शाखा, आवास शाखा, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान), ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा, मुख्य सभाकक्ष तथा जिला पंचायत संसाधन केंद्र सहित प्रमुख शाखाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
“ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचाना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कार्यालयीन कार्यप्रणाली को सुव्यवस्थित रखते हुए लंबित प्रकरणों का तेजी से निराकरण किया जाए।”
— गोकुल राम रावटे, सीईओ जिला पंचायत
निरीक्षण के दौरान उन्होंने फाइलों के रख-रखाव, कार्यों की पेंडेंसी और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। तकनीकी शाखाओं के प्रभारियों एवं अमले से चर्चा करते हुए कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ आमजन के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने निर्देशित किया।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
